किसानों की समस्याओं और मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कांग्रेस का उपवास-धरना

  • Share on :

तहसील मुख्यालय खनियाधाना पर प्रदर्शन, तहसीलदार निशिकांत जैन को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन
अतुल जैन 
खनियाधाना। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में तथा क्षेत्र के किसानों, गरीबों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खनियाधाना एवं बामौरकलां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर खनियाधाना में सामूहिक उपवास एवं धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक परंपराओं की अवहेलना करने तथा प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेसजनों ने तहसीलदार निशिकांत जैन को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में किसानों, गरीबों एवं आम नागरिकों के साथ अन्याय हो रहा है और प्रशासनिक व्यवस्थाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती जा रही हैं।
(पटवारियों पर रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप)
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खनियाधाना क्षेत्र के कई पटवारी सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, फर्द एवं फौती नामांतरण जैसे राजस्व कार्यों के लिए किसानों से रिश्वत की मांग करते हैं। बिना लेन-देन के किसानों के कार्य नहीं किए जाते, जिससे गरीब और जरूरतमंद किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
(निजी व्यक्तियों से कराया जा रहा शासकीय कार्य)
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तहसील कार्यालयों में निजी व्यक्तियों को बैठाकर शासकीय कार्य कराए जा रहे हैं। ये लोग आम नागरिकों से अवैध वसूली कर उनका आर्थिक शोषण कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों को तत्काल हटाने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
(फार्मर आईडी के नाम पर वसूली का आरोप)
ज्ञापन में कहा गया कि किसानों की फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया में भी भ्रष्टाचार व्याप्त है। आरोप लगाया गया कि पटवारियों द्वारा अपने निजी व्यक्तियों को कार्यालयों में बैठाकर किसानों से पैसे लिए जा रहे हैं। रिश्वत न देने पर किसानों के कार्य लंबित रखे जाते हैं, जिससे गरीब और निर्धन परिवार परेशान हो रहे हैं।
(राशन दुकानों में अनियमितताओं पर उठाए सवाल)
कांग्रेस ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों में भी गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि कई दुकानों पर हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा से दो से तीन किलो तक कम राशन दिया जा रहा है। साथ ही दो माह के अंतराल में केवल एक माह का राशन वितरित किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने खाद्य विभाग से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
(कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करने का आरोप)
धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि थाना बामौरकलां में राजनीतिक दबाव के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के दबाव में प्रशासन कार्य कर रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
(भाजपा की सदस्यता लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप)
ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जबरन भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ है तथा ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होना चाहिए।
(ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही अवैध शराब की बिक्री)
कांग्रेस ने खनियाधाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अवैध एवं कच्ची-पक्की देशी शराब की बिक्री पर चिंता व्यक्त की। नेताओं का कहना था कि गांवों में खुलेआम शराब का कारोबार हो रहा है, जिससे सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है और युवा पीढ़ी पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
(भूमिहीन परिवारों को मिले पट्टों पर अब तक नहीं हुआ अमल)
ज्ञापन में वर्ष 2000, 2001 एवं 2002 में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के भूमिहीन परिवारों को दिए गए भूमि पट्टों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पात्र परिवारों को पट्टे तो दे दिए गए, लेकिन आज तक उन पर अमल नहीं हो सका है। इसके कारण कई परिवार अपने अधिकारों से वंचित हैं। कांग्रेस ने पट्टों को तत्काल प्रभाव से अमल में लाने की मांग की।
(मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करने को बताया लोकतंत्र पर हमला)
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्यसभा सदस्य पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र भाजपा द्वारा षड्यंत्रपूर्वक निरस्त कराया गया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन कर रही है। नेताओं ने कहा कि जनता की आवाज को दबाने के प्रयासों का कांग्रेस मजबूती से मुकाबला करेगी।
(मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी)
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों, गरीबों और आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में शामिल सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खनियाधाना, बामौरकलां विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी, विभिन्न कांग्रेस प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, किसान एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 
(इनका कहना है)
आज हमारी प्रदेश कांग्रेस की तरफ से जो विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा फॉर्म डाले गए थे, हमारे नटराजन जी का जो फॉर्म कांग्रेस की तरफ से डाला गया था, उसे बिना किसी संवैधानिक कारण के निरस्त कर दिया गया है। हम कह रहे हैं आज हमारे प्रत्याशियों से, जिन्हें लोकसभा और राज्यसभा के लिए भेजा था, उन्हें चुनाव लड़ने तक का अधिकार नहीं रहने दिया। इसके लिए पूरे प्रदेश में आज जिला कांग्रेस की तरफ से और हमारे प्रदेश अध्यक्ष जी, जो भोपाल में चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने से जब से ये घटना घटित हुई है और फॉर्म निरस्त किया गया है, वे दिन-रात धरने पर बैठे हैं और भूख हड़ताल पर हैं। वे भूखे-प्यासे आज भी डटे हैं। जब तक प्रशासन नहीं सुनता है, पूरे मध्य प्रदेश में इसी तरह से कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन करेगी। अभी तो आज तक का निर्देश है, उसके बाद जो संगठन और प्रदेश से जो आदेश आएगा, उसका पालन किया जाएगा।
(अरविंद लोधी,पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पिछोर विधानसभा)
राज्यसभा से हमारे कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा पद के उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का जो फॉर्म डाला गया था, उसको बीजेपी एवं इलेक्शन कमिटी दोनों ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक जो फॉर्म निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है, जिसके विरोध प्रदर्शन में हम सब कांग्रेस जनों के द्वारा उपवास-धरना प्रदर्शन के रूप में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। आगे हम लड़ाई जारी रखेंगे और गैरकानूनी काम का विरोध करेंगे और ये भाजपा की और इलेक्शन कमिटी की जो कूटनीति है, इसको जन-जन तक पहुँचाने का काम करेंगे।
(परमाल सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी खनियाधाना)
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बामौर कलां- खनियांधाना के द्वारा मुझे ज्ञापन प्राप्त हुआ है, जिसमें राजस्व विभाग के संबंध में तीन बिंदु हैं—पारदर्शिता के संबंध में, पट्टे के अमल के संबंध में और कुछ पटवारियों को लेकर है। दूसरा, आबकारी विभाग से संबंधित है। तीसरा, खाद्य विभाग से संबंधित है। तो इसके संबंध में जो मेरे क्षेत्राधिकार में हैं, हम उनका समय सीमा में निराकरण करवाएंगे और जो अन्य विभागों के हैं, वहां हम पत्राचार के माध्यम से संबंधित विभाग को ज्ञापन का अवगत कराएंगे।"
(निशिकांत जैन , तहसीलदार खनियांधाना)

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper