जैतपुर में जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन

  • Share on :

 सीएचसी में पर्ची शुल्क बढ़ोतरी वापस लेने और जर्जर तहसील भवन की मरम्मत की उठाई मांग 
 साहिल खान 
जैतपुर (शहडोल)। जैतपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और शासकीय भवनों की बदहाल स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जैतपुर ने सोमवार को महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम जैतपुर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीर बताते हुए इनके शीघ्र निराकरण की मांग की। ज्ञापन में विशेष रूप से जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से लिए जा रहे पर्ची शुल्क में की गई बढ़ोतरी और तहसील कार्यालय भवन सहित शासकीय आवासों की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया गया।
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगी कल्याण समिति द्वारा पर्ची अथवा पंजीयन शुल्क 10 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य होने के साथ ही बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार यहां निवास करते हैं। ऐसे में मरीजों पर अचानक पांच गुना शुल्क का बोझ डालना उचित नहीं है। कांग्रेस ने जनहित को ध्यान में रखते हुए पर्ची शुल्क को पुनः 10 रुपये किए जाने की मांग की है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में जैतपुर तहसील कार्यालय भवन और कर्मचारियों के शासकीय आवासों की स्थिति पर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि भवन लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। बारिश के दौरान कार्यालय की छतों से पानी टपकने के कारण वहां रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज, फाइलें और अभिलेख खराब होने का खतरा बना हुआ है। वहीं कर्मचारियों के आवासों की स्थिति भी ठीक नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने तहसील कार्यालय भवन और शासकीय आवासों का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य कराए जाने की मांग प्रशासन से की है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को राहत मिलनी चाहिए और शासकीय कार्यालयों की व्यवस्था भी दुरुस्त रहना जरूरी है। इन दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर जनहित में आगे भी आवाज उठाने की बात कही गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जैतपुर के अध्यक्ष मनोज सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper