अटल ग्राम सुशासन योजना के अंतर्गत ग्राम बड़ोदिया में पंचायत भवन निर्माण कार्य प्रगति पर
दिलीप पाटीदार
सरदारपुर -- राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और प्रशासनिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित अटल ग्राम सुशासन योजना के अंतर्गत ग्राम बड़ोदिया में नवनिर्मित पंचायत भवन का निर्माण कार्य निरंतर प्रगति पर है। यह भवन ग्राम पंचायत की प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
नए पंचायत भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत को स्थायी एवं सुव्यवस्थित कार्यालय सुविधा प्राप्त होगी, जिससे पंचायत की बैठकों, अभिलेखों के संधारण तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और सुगमता आएगी। ग्रामीणों को भी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, प्रधानमंत्री एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए अब एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
ग्राम पंचायत बड़ोदिया के उपसरपंच जीवन पाटीदार ने बताया कि निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप किया जा रहा है। संबंधित विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि समय-समय पर स्थल का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्य समय-सीमा में पूर्ण हो सके।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने पंचायत भवन निर्माण को ग्राम के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि भवन के पूर्ण होने से ग्राम प्रशासन को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
पंचायत भवन निर्माण पूर्ण होने के पश्चात ग्राम बड़ोदिया में विकासात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

