ग्राम साजनी में निर्माणाधीन सीसी रोड में भ्रष्टाचार का खेल: कीचड़ के ऊपर ही ढाल दी कंक्रीट, घटिया सामग्री से बनी सड़क पर भड़के ग्रामीण
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
खकनार। जनपद पंचायत खकनार अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत साजनी में विकास कार्यों के नाम पर धांधली का मामला सामने आया है। पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही सीसी (सीमेंट कंक्रीट) रोड के निर्माण में गुणवत्ता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थिति यह है कि रास्ते पर फैले कीचड़ को साफ किए बिना ही उस पर सीमेंट और कंक्रीट का घोल डाला जा रहा है, जिसको लेकर स्थानीय ग्रामीण युवाओं में भारी आक्रोश है।
दो सड़कों पर साढे सात लाख खर्च, पर गुणवत्ता शून्य"
ग्राम पंचायत साजनी में लगभग 3.66 लाख और 3.60 लाख रुपये की लागत से दो अलग-अलग सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से एक सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि दूसरी सड़क का काम वर्तमान में चल रहा है।
प्राथमिक स्कूल के पीछे बन रही निर्माणाधीन सड़क की जमीनी हकीकत देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। युवाओं का आरोप है कि ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा इस निर्माण कार्य में खुलेआम मनमानी और वित्तीय अनिमितता की जा रही है।
गुणवत्ताहीन निर्माण की मुख्य पोल:
कीचड़ के ऊपर निर्माण: नियम अनुसार सीसी रोड बनाने से पहले कच्चे रास्ते को पूरी तरह समतल और साफ किया जाना चाहिए, लेकिन यहाँ कीचड़ साफ किए बिना ही कंक्रीट डाल दिया गया।
अमानक सामग्री का उपयोग: कंक्रीट मिश्रण में गुणवत्ताहीन मिट्टी युक्त रेत और डस्ट युक्त गिट्टी का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है।
एस्टिमेट में हेराफेरी: निर्माण कार्य स्वीकृत एस्टिमेट (प्राकलन) के अनुसार नहीं हो रहा है। सीमेंट, रेत और गिट्टी की बचत करने के लिए सड़क की मोटाई बेहद कम रखी जा रही है।
दिखावे की मोटाई: ग्रामीणों ने खुलासा किया कि केवल साइड के किनारों पर रोड को मोटा दिखाया जा रहा है ताकि देखने में सड़क मजबूत लगे, जबकि बीच की मोटाई बेहद कम है।
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय राशि का दुरुपयोग कर घटिया निर्माण करने वाले सरपंच और सचिव के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए और निर्माणाधीन मार्ग की गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में सड़क जल्द जर्जर न हो।

