“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में उमड़ा जनसैलाब, विश्व पर्यावरण दिवस पर बपावली में हुआ वृक्षारोपण

  • Share on :

करेरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन परिक्षेत्र करेरा अंतर्गत बीट बपावली के नवीन वृक्षारोपण स्थल पी-1067 में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत ग्रामीणों ने पृथ्वी को मां के समान मानते हुए पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, हरियाली बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी लक्ष्मण सिंह मीणा के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। इस दौरान डिप्टी रेंजर बृजेश राय, वनरक्षक राजाराम करेटिया, अशोक बाथम, राहुल गुप्ता एवं कल्याण धाकड़ उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में बपावली सरपंच धर्मेंद्र चौहान, पाली सरपंच रविराय, शिक्षक सतेंद्र राय एवं देवीलाल जाटव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
वन अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनभागीदारी की प्रक्रिया है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनकी देखभाल से ही जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पौधारोपण स्थल पर पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने की बात कही।  
रणजीत टाईम्स शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper