सेफ क्लिक अभियान 2.0 के तहत आशा किरण बालगृह में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक ने बच्चों को किया जागरूक, 1930 डूडल मेकिंग एवं स्ट्रांग पासवर्ड प्रतियोगिता भी संपन्न
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “सेफ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत जिले में साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक द्वारा आशा किरण बालगृह में बच्चों एवं फैकल्टी के मध्य साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री शिवा पाठक ने उपस्थित बच्चों एवं फैकल्टी को साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी के सामान्य तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक एवं कॉल से सावधान रहने, ओटीपी/पासवर्ड साझा न करने तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं निकटतम पुलिस से संपर्क करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कटनी पुलिस द्वारा आमजन, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थानों में लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके और साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।

