दतिया उपचुनाव: टिकट कटने के बाद नरोत्तम मिश्रा के तेवर पड़े नरम, दिल्ली पहुंचे; बीजेपी उम्मीदवार के नामांकन में होंगे शामिल

  • Share on :

नई दिल्ली. मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहे हैं. इन उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मध्य प्रदेश सरकार में कभी नंबर दो यानी गृह मंत्री रह चुके नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है. बीजेपी ने नरोत्तम की जगह एक अन्य ब्राह्मण चेहरे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. पार्टी की ओर से यह ऐलान किए जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क उठे.
दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद समर्थक हिंसक प्रोटेस्ट पर उतर आए. चर्चे नरोत्तम के निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतरने के भी होने लगे. शिवसेना (यूबीटी) ने तो यहां तक ऑफर दे दिया कि मशाल पर चुनाव लड़िए, उद्धव ठाकरे खुद प्रचार करने दतिया आएंगे. पिछले दो दिन से बनी असमंजस की स्थित के बीच नरोत्तम मिश्रा के सुर अब नरम पड़ते नजर आ रहे हैं.
नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की थी. अब नरोत्तम मिश्रा दिल्ली रवाना हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह नरोत्तम मिश्रा ने पहली फ्लाइट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी.
चर्चा है कि दिल्ली में नरोत्तम मिश्रा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर सकते हैं. नितिन नवीन के साथ उनकी मुलाकात के दौरान दतिया के हालिया घटनाक्रम पर चर्चा हो सकती है. एक दिन पहले सीएम मोहन यादव और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बैठक के बाद नरोत्तम मिश्रा के तेवर बदले नजर आ रहे हैं.
उन्होंने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए इस बात का ऐलान कर दिया कि वह दतिया सीट से बीजेपी उम्मीदवार आशीष तिवारी के नामांकन में शामिल रहेंगे. नरोत्तम मिश्रा ने मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात के बाद कहा कि बैठक में अच्छी चर्चा हुई. हमने दतिया में जीत सुनिश्चित करने को लेकर बातचीत की. उन्होंने दतिया में बीजेपी की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा. अपने समर्थकों से कहा है कि धैर्य और शांति बनाए रखें. नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि दतिया पहुंचकर आशुतोष तिवारी के नामांकन में मौजूद रहूंगा.
वहीं, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी ने आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है. कुछ कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं, लेकिन कोई इस्तीफा मुझे नहीं मिला है. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि कोई भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा. नरोत्तम मिश्रा को बीजेपी का वरिष्ठ नेता बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम उनके ही मार्गदर्शन में चुनाव लड़ेंगे और बड़े अंतर से जीतेंगे.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper