32 मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जा रहा डीसीएम ट्रक पकड़ा

  • Share on :

15 भैंस और 17 पड़वा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, दो मौके से फरार
साहिल खान
सीधी। पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सीधी पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुदरी जंगल के पास नाकाबंदी कर एक डीसीएम ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन क्रमांक UP 71 CT 9144 की जांच के दौरान उसमें 15 भैंस और 17 पड़वा, कुल 32 मवेशी बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। मवेशियों को रस्सियों से बांधकर रखा गया था और उनके लिए हवा-पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं की गई थी।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक वली खान निवासी छवारी, थाना मझौली, जिला सीधी को पकड़ लिया। वहीं इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी सुंदरलाल रैदास एवं रितेश रैदास, निवासी कुदरी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 32 मवेशियों और डीसीएम ट्रक को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मवेशियों के लिए पुलिस द्वारा चारा-पानी की व्यवस्था कराने के साथ उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सेवेंद्र रामभगत के नेतृत्व में सउनि. दरायाम दुबे, सउनि. गुलाब सिंह, सउनि. अमेरिका दास दुबे, प्रधान आरक्षक अनिराज सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश सिंह, आरक्षक सतीश सिंह एवं आरक्षक जगमोहन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper