स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय छुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपोत्सव कार्यक्रम

  • Share on :

 छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोकनृत्य, रंगोली और दीया सजाओ की दिखी मनमोहक झलक
हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है - दिया बच्चों ने संदेश
छुरा। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक विद्यालय छुरा में दीपोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। पूरा विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी, रंग-बिरंगी रंगोलियों, फूलों और तोरणों से सजा हुआ था। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह छत्तीसगढ़ी संस्कृति और दीपावली की खुशियों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक-एक कर अपनी प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति, लोककला, वेशभूषा एवं सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

लोकनृत्यों ने मोहा मन

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पारंपरिक लोकनृत्य सुवा नृत्य, ईसर-गौरी एवं गौरा-गौरी की प्रस्तुति तथा राउत नाचा प्रस्तुत किया गया। सुवा नृत्य में बच्चियों ने तोते की मनमोहक मुद्राओं के साथ गीत गाए, तो राउत नाचा में बच्चों की टोली ने लाठी और पारंपरिक वेशभूषा के साथ जोरदार प्रस्तुति दी। गौरा-गौरी की झांकी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

रंगोली और दीया सजाओ प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में रंगोली सजाओ एवं दीया सजाओ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जो इस बार के आयोजन का विशेष आकर्षण रही।

रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने फूलों, रंगों और दीयों से सुंदर-सुंदर रंगोलियां बनाई। किसी ने मोर, किसी ने दीया, किसी ने लक्ष्मी जी के चरण और किसी ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक वाली रंगोली बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

वहीं दीया सजाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने सादे दीयों को रंग, कागज, फूल और चमकीले कागज से सजाकर आकर्षक रूप दिया। छोटे-छोटे बच्चों की रचनात्मकता देखकर अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहना की।

पारंपरिक परिधान में दिखी छत्तीसगढ़ी पहचान

विद्यार्थियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधान एवं आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी सांस्कृतिक पहचान को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। बच्चियों ने लुगरा-साड़ी, गजरा और पारंपरिक आभूषण पहने, वहीं बच्चों ने धोती-कुर्ता, पगड़ी और गमछा धारण किया। पूरा परिसर ऐसा लग रहा था मानो छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति जीवंत हो उठी हो।

उद्देश्य - नई पीढ़ी को जोड़ना अपनी जड़ों से

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों से जोड़ना तथा हमारी संस्कृति और पहचान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में बताया गया कि आज के दौर में बच्चों को मोबाइल और आधुनिकता के साथ-साथ अपनी संस्कृति से भी जोड़ना जरूरी है। ऐसे आयोजन बच्चों में अपनी परंपरा के प्रति गर्व और सम्मान पैदा करते हैं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में समाजसेवी शीतल ध्रुव, रामाधार मरकाम (ट्रैफिक इंचार्ज, गरियाबंद), प्रधान पाठक एच एल कुर्रे, शिक्षक गण श्रीमती बुंदा साहू, जमुना चंद्राकर, पोखराज साहू, कृतिका चंद्राकर, चित्रांजलि साहू सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

दीपोत्सव कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि हमारी संस्कृति, हमारी परंपरा और हमारी वेशभूषा ही हमारी पहचान है। अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper