जिला खनिज मद के कामों में देरी बर्दाश्त नहीं, अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करना होगा काम
पहली किश्त जारी होने के बाद भी अधूरे कार्यों पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, समय पर काम नहीं हुआ तो निरस्त होंगे कार्य
साहिल खान
शहडोल। जिला खनिज मद से स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे खनिज मद के कार्यों की विभागवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने साफ निर्देश दिए कि जिन कार्यों के लिए पहली किश्त की राशि जारी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरा कराया जाए। तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो ऐसे कार्यों को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों से स्वीकृत कार्यों की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि राशि जारी होने के बाद निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कार्यों की प्रगति के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता पर भी नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि खनिज मद से खर्च की जा रही राशि का लाभ संबंधित क्षेत्र के लोगों को समय पर मिल सके।
बैठक में ऐसे कार्य भी सामने रखे गए, जिन्हें पूरा किया जा चुका है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इन कार्यों के पूर्णता प्रमाण-पत्र जल्द जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुके कार्यों की औपचारिक प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाए, जिससे अभिलेखों में उनकी स्थिति स्पष्ट रहे।
इस दौरान जिला खनिज मद से स्वीकृत कार्यों को लेकर लागू नई गाइडलाइन की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई। उच्च प्राथमिकता और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में खनिज मद से कराए जाने वाले कार्यों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाते हुए उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

