दिल्ली: यमुना बाजार में भारी विरोध के बीच बुलडोजर ऐक्शन, 310 मकानों को खाली करने का था नोटिस

  • Share on :

नई दिल्ली। दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में गुरुवार सुबह से बुलडोजर ऐक्शन शुरू हो गया है। दिल्ली नगर निगम अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर रहा है। इसे देखते हुए इलाके में तोड़-फोड़ की कार्रवाई से पहले सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण ने कश्मीरी गेट इलाके के यमुना बाजार में रहने वाले लोगों को घर खाली करने का नया नोटिस जारी किया है। नोटिस में इलाके के घाट नंबर 2 से 32 के बीच रहने वाले लोगों से कहा गया है कि वे अपनी मर्जी से जगह खाली कर दें। ऐसा न करने पर तोड़-फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।
इस इलाके में 310 मकान हैं, जिनमें करीब 1100 लोग रहते हैं। कई परिवार पहले ही अपने घरों को खाली कर यहां से जा चुके हैं। घरों के धवस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया है। यहां रहने वाले लोगों का आरोप है कि पानी का कनेक्शन पहले ही काट दिया गया। उन्हें बुधवार रात तक घर खाली करने को कहा गया था।
ऐसे में कुछ लोगों ने यहां से अपना सामान हटाया दिया है, जबकि अब भी कई लोग यहां रह रहे हैं। लोगों में कार्रवाई को लेकर भय का माहौल देखने को मिला। स्थानीय निवासी गणेश ने बताया कि यहां से हटाए जाने वाले लोगों के लिए दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के अस्थायी आश्रय में रहने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि यह कहां का न्याय है। हमारे घर उजाड़कर नाइट शेल्टर में रहने को मजबूर किया जा रहा है। यमुना घाट पंडा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि हम लोगों ने कोर्ट का रुख किया है। ऐसे में धवस्तीकरण का कोर्ट का कोई आदेश नहीं है। इसके बावजूद हमें हटाया जा रहा है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper