परिसीमन बिल को मिल सकता है क्षेत्रीय दलों का साथ, तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने पर द्रमुक का जोर
नई दिल्ली। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विधेयक संसद में पेश हुआ तो पार्टी इसका समर्थन करेगी। हालांकि, इसके लिए एक शर्त रखी गई है। पार्टी चाहती है कि परिसीमन में सभी क्षेत्रों के बीच संतुलन बना रहे।
इस बीच, लोकसभा सीटों के परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने की योजना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विपक्ष के कुछ दलों का साथ मिलने की उम्मीद है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि इस बार जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की स्थिति पहले से बेहतर है।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना से अलग हुए गुटों ने भी सरकार के प्रस्ताव पर सकारात्मक संकेत दिए हैं। सरकार को भरोसा है कि इस बार विधेयक के समर्थन में जरूरी संख्या जुटाई जा सकती है।
इस पूरे मामले में तमिलनाडु की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी द्रमुक की भूमिका अहम मानी जा रही है। पार्टी के नेता संकेत दे चुके हैं कि वह परिसीमन के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है। हालांकि, इसके लिए तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की गारंटी जरूरी होगी।
द्रमुक चाहती है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी करीब 7.2 फीसदी बनी रहे। सूत्रों के मुताबिक, सरकार सभी राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर सहमति बनाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए वह अपने प्रस्ताव में बदलाव करने पर भी विचार कर सकती है। हालांकि, सरकार के अंतिम प्रस्ताव का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।
सरकार और उसके सहयोगियों के पास अभी 299 सीटें हैं। असम में उपचुनाव जीतने के बाद भाजपा को एक सीट का फायदा हुआ है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल के सहयोगी बनने से भी एक सीट जुड़ गई है। इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए गुट के 20 सदस्य और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के छह सदस्य भी सरकार के साथ बताए जा रहे हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, द्रमुक के दो वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी हर मुद्दे पर भाजपा का विरोध करने की नीति नहीं अपनाएगी। उनका कहना है कि परिसीमन के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर सहमति हो सकती है। लेकिन तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।
द्रमुक के एक नेता ने कहा कि दक्षिणी राज्यों को जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम करने की सजा नहीं मिलनी चाहिए। उनके मुताबिक, इन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। इसलिए उन्हें राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए। नेता ने कहा, 'हम सीटों की संख्या बढ़ाने के पक्ष में हैं, लेकिन प्रतिशत सुरक्षित रहना चाहिए'।
द्रमुक के एक अन्य नेता ने भी माना कि केंद्र सरकार ने पार्टी से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा से वैचारिक मतभेद होने का मतलब यह नहीं है कि उसके हर प्रस्ताव का विरोध किया जाए। उनका कहना था कि किसी भी प्रस्ताव पर फैसला उसके फायदे और नुकसान को देखकर होना चाहिए।
साभार अमर उजाला

