संत श्री सेवालाल महाराज चौक नामकरण की मांग, महापौर ने शीघ्र कार्यवाही का दिया आश्वासन
राजेश धाकड़
इंदौर। बंजारा समाज के आराध्य संत एवं महान समाज सुधारक संत श्री सेवालाल महाराज के सम्मान में विधानसभा क्रमांक-5 के वार्ड क्रमांक-40 स्थित रोबोट चौराहा के समीप महक वाटिका गार्डन के सामने बने तिराहे को “संत श्री सेवालाल महाराज चौक” घोषित किए जाने की मांग को लेकर संत सेवालाल महाराज समिति, खजराना द्वारा महापौर पुष्यमित्र भार्गव को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में समिति ने बताया कि उक्त तिराहे को समाज की भावना के अनुरूप संत श्री सेवालाल महाराज चौक के रूप में स्थापित किया गया है तथा पूर्व में भी चौक नामकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है। समिति ने मांग की कि क्षेत्र की जनभावनाओं एवं बंजारा समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए चौक का विधिवत नामकरण किया जाए।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने समाजजनों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र ही चौक का नामकरण “संत श्री सेवालाल महाराज चौक” के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर जल्द सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी।
समिति ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि शीघ्र ही बंजारा समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।
इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री दीपक गोविंद चौहान, महानगर अध्यक्ष पवन पवार, महानगर संगठन मंत्री मिथुन पवार, अंकित राठौर महाराज, विजय पवार सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

