गणेशोत्सव में 12 दिन मांस-मटन दुकानें बंद रखने की मांग
राष्ट्रीय सनातन सेना भारत ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव को सौंपा ज्ञापन, नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन
राजेश धाकड़
इंदौर। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व के दौरान शहर में धार्मिक एवं सात्त्विक वातावरण बनाए रखने की मांग को लेकर राष्ट्रीय सनातन सेना भारत द्वारा इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के जिला उपाध्यक्ष विशाल मंडलोई के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में गणेशोत्सव के दौरान 12 दिनों तक शहर में मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने के लिए प्रशासनिक आदेश जारी करने की मांग की गई।
संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि गणेशोत्सव हिंदू समाज की आस्था से जुड़ा प्रमुख धार्मिक पर्व है। ऐसे में उत्सव के दौरान शहर में स्वच्छता, धार्मिक आस्था और सात्त्विक वातावरण बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 12 दिनों तक मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि संगठन की मांग का उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, स्वच्छता और शहर की सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित करना है।
मामले को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन एवं नगर निगम के नियमों के अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी। शहर के हित में और मांसाहार को लेकर जो भी उचित प्रशासनिक निर्णय होगा, वह नियमानुसार लिया जाएगा।
महापौर के आश्वासन के बाद अब संगठन की इस मांग को लेकर प्रशासन के आगामी निर्णय पर नजर बनी हुई है। गणेशोत्सव के दौरान मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने को लेकर शहर में भी चर्चा तेज हो गई है।

