स्वच्छता जोड़ी अभियान में देपालपुर का कायाकल्प, महापौर ने किया निरीक्षण, कार्यों की सराहना की
आदित्य शर्मा
इंदौर। स्वच्छता जोड़ी अभियान के तहत देपालपुर नगर परिषद अब स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में उभरता नजर आ रहा है। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार सुबह देपालपुर का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ऑन-ग्राउंड कार्यों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रमुख मार्गों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सफाई व्यवस्था और नालियों की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर ने आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) गतिविधियों का अवलोकन किया और नागरिकों से संवाद कर फीडबैक लिया। ट्रेंचिंग ग्राउंड और लिगेसी वेस्ट प्रबंधन कार्यों की भी समीक्षा की गई। ग्रामीण चौपाल में सफाई मित्रों और नागरिकों से चर्चा कर सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
मंडी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान इसे और अधिक व्यवस्थित व आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि अब प्लास्टिक के बजाय कागज के पैकेट का उपयोग किया जा रहा है और नियमित रूप से कचरा गाड़ी में कचरा दिया जा रहा है।
महापौर ने एक बुजुर्ग महिला से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और बावड़ी की साफ-सफाई कार्य पर संतोष जताया। शहर में वॉल पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छता संदेश भी दिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर आरआरआर सेंटर का उद्घाटन भी किया गया। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि अनुपयोगी वस्तुओं को पुनः उपयोग के लिए 3आर सेंटर पर जमा करें।

