आसमान से बरसी तबाही: गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, 39 ट्रेनें रद्द; गृह मंत्री अमित शाह ने ली स्थिति की जानकारी

  • Share on :

नई दिल्ली। भारत में राहत की बारिश लाने वाला मॉनसून का मौसम अब विनाश का कारण बन रहा है। ताजा तस्वीरें बता रहीं हैं कि बारिश से जुड़ी घटनाएं दिल्ली से केरल तक जन जीवन को प्रभावित किए हुए है। वहीं, सड़क से लेकर रेल संपर्क तक खासा असर पड़ा है। वहीं, दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में राहत के आसार नहीं हैं।
महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई में बुधवार को भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चलीं, जबकि गुजरात और पुणे की ओर जाने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित रहीं। गुजरात जाने वाली 39 ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं, महाराष्ट्र से गुजरात का रुख करने वाली 46 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
वहीं, सोमवार को भोर घाट क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल परिचालन भी अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है और कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं। दूसरी ओर, सूरत में 358 मिमी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए, जहां 3,800 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जिले में पिछले कुछ दिनों से बारिश से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई में मंगलवार देर रात तुलसी और विहार झीलें ओवरफ्लो हो गईं। दोनों झीलें शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाली सात झीलों में शामिल हैं। भारी बारिश के चलते सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की लोकल सेवाएं 25-30 मिनट की देरी से चलीं। बुधवार सुबह तक गुजरात जाने वाली 39 ट्रेनें रद्द, 21 को बीच रास्ते समाप्त और 46 ट्रेनों का समय बदला गया। सोशल मीडिया पर वीडियो में मंगलवार शाम वसई रोड से आगे उपनगरीय रेल सेवाएं बंद होने के बाद यात्रियों को आधी रात मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में जलमग्न पटरियों पर पैदल चलते देखा गया।
पालघर जिले के बाढ़ग्रस्त हनुमानपाड़ा गांव में सड़कें डूब जाने से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने घर का दरवाजा स्ट्रेचर बनाकर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला प्रियंका रवि यादव को सीने तक भरे पानी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। आईएमडी ने बुधवार को अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से बात कर भारी बारिश की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। शाह ने वायनाड में हुई भूस्खलन की घटना पर दुख जताया।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper