धर्मवीर सेवा संस्थान का निःशुल्क विधिक सहायता शिविर संपन्न
राजेश धाकड़
इंदौर। धर्मवीर सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को खजराना स्थित महक वाटिका गार्डन में निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल संरक्षण, वरिष्ठ नागरिक अधिकार तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी एवं परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री धर्मेंद्र पांड्या (अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति, इंदौर एवं पूर्व प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट) तथा श्री गिरधारी राठौड़ (अधिवक्ता, उच्च न्यायालय, इंदौर एवं घुमंतू कार्य सहसंयोजक) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम प्रभारी श्री लक्ष्य खोदरे ने बताया कि धर्मवीर सेवा संस्थान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुँचाना तथा उन्हें उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
शिविर में श्री विपिन पाटीदार, अधिवक्ता दीपक चौहान, अधिवक्ता हितेश शर्मा, चेतन भोंसले, दुर्गेश गोलकर, सौरभ पांडे, अनुराग पांडे, यश चौहान, सुनील राठौर सहित घुमंतू कार्य जिला इंदौर के पदाधिकारी एवं धर्मवीर सेवा संस्थान के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विधिक परामर्श प्राप्त किया।

