जिला प्रशासन (आबकारी विभाग) इंदौर द्वारा IPS School Main Campus में "नशे से दूरी है ज़रूरी" जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

  • Share on :

आदित्य शर्मा
इंदौर। जिला प्रशासन (आबकारी विभाग) इंदौर द्वारा युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी" के अंतर्गत दिनांक 30 जुलाई 2026 को IPS School Main Campus, इंदौर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता एवं संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, करियर एवं समाज को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग जिज्ञासा, मित्रों के दबाव अथवा दिखावे के कारण नशे की शुरुआत करते हैं, जो आगे चलकर लत का रूप ले लेती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ "ना कहना सीखें" का संदेश देते हुए जीवन में सही निर्णय लेने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों, उनके दुष्प्रभावों, नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान, सड़क दुर्घटनाओं, अपराध तथा पारिवारिक विघटन जैसे सामाजिक प्रभावों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर माध्यमों एवं सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाले नशे के प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह दी।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुधा पांडे ने अपने उद्बोधन में जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज तक पहुंचाने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान की जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे के विरुद्ध जागरूक नागरिक बनने एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए नशे से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर दिया गया।

इस अवसर पर आबकारी विभाग की ओर से सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री धर्मेन्द्र जोशी, श्री देवेश चतुर्वेदी एवं श्री जहांगीर खान, तथा आबकारी उप निरीक्षक श्री आशीष जैन, श्रीमती त्रियंबिका शर्मा एवं श्रीमती जया मुजाल्दे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी" का सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ। विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper