जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने विकास योजनाओं, सेवा संकल्प एवं जनविश्वास अभियान की समीक्षा की
डिंडौरी। जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को कलेक्टर सभाकक्ष, डिंडौरी में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति, लक्ष्यों की उपलब्धि तथा हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, सांसद प्रतिनिधि श्री नरेन्द्र राजपूत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, डीएफओ श्री अशोक सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री चैन सिंह कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
डिंडोरी से शिवम् प्रजापति

