जिलाबदर कुख्यात बदमाश इमरान उर्फ इम्मु अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार

  • Share on :

चंदन नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, देशी कट्टा व जिंदा कारतूस जब्त, आर्म्स एक्ट और राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज
 पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलाबदर कुख्यात बदमाश इमरान उर्फ इम्मु उर्फ निजाम को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ, बलवा, जुआ-सट्टा सहित करीब चार दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गुंडे-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिलाबदर बदमाश चंदन नगर क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी तिलक कारोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच में सामने आया कि पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी को एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया गया था, लेकिन आदेश का उल्लंघन कर वह प्रतिबंधित क्षेत्र इंदौर शहर में पाया गया। इस पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इमरान उर्फ इम्मु उर्फ निजाम के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, अड़ीबाजी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ और सट्टा एक्ट सहित करीब चार दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले, उपनिरीक्षक सौरभ कुशवाह, सहायक उपनिरीक्षक भगवान सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सोलंकी तथा आरक्षक धीरज पांडेय, हरि सिंह राजपूत, अनिल मकवाना, सुनील सोनी एवं अरुण जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper