जिला स्तरीय ‘नमो युवा शक्ति’ खेलकूद कार्यक्रम आयोजित
खेल, रचनात्मकता और नेतृत्व के साथ युवतियों को मिला आत्मनिर्भरता का मंच
डिंडौरी। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों एवं उनके परिवार की Gen-Z युवतियों को खेल, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला स्तरीय ’’‘नमो युवा शक्ति’’’ खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, डिंडौरी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी एवं ग्राम पंचायत पलकी की सरपंच श्रीमती सुहागवती मालवे के आतिथ्य में हुआ। जिले के सभी विकासखंडों से लगभग 300 स्व-सहायता समूह सदस्यों एवं युवतियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में RSETI एवं DDU-GKY से प्रशिक्षित युवतियों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम में ग्रामीण युवतियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़, मटकी दौड़ सहित विभिन्न मानसिक एवं शारीरिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मिलेट, प्रोटीन, पारंपरिक व्यंजन एवं आहार विविधता पर आधारित कुकिंग प्रतियोगिता तथा प्रश्नोत्तरी भी हुई। युवतियों ने देशभक्ति एवं प्रेरणादायक गीतों के साथ लोकगीत-लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं तथा सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। वहीं, आजीविका गतिविधियों से अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गुब्बारे हवा में छोड़कर किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से स्व-सहायता समूहों के जरिए महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘नमो युवा शक्ति’ के माध्यम से युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां और युवतियां खेल, शिक्षा, कौशल, आजीविका एवं नेतृत्व सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका मिशन की डीपीएम श्रीमती अर्पणा पाण्डे सहित अन्य पदाधिकारी-कर्मचारी तथा संकुल स्तरीय संगठन डिंडौरी के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।
डिंडोरी से शिवम् प्रजापति

