झाबुआ में कड़कनाथ पालन को बढ़ावा देने हेतु CLF दीदियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
झाबुआ, 31 दिसम्बर झाबुआ जिले में जीआइ (GI) टैग प्राप्त कड़कनाथ कुक्कुट पालन को आजीविका संवर्धन का सशक्त माध्यम बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM–आजीविका मिशन), पशुपालन विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) झाबुआ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिले की क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) से जुड़ी आजीविका दीदियों को कड़कनाथ पालन के तकनीकी एवं व्यावहारिक पक्षों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान दीदियों को कड़कनाथ की विभिन्न किस्मों एवं विशेषताओं, चूजों की देखभाल, आहार प्रबंधन एवं स्वच्छता, टीकाकरण, दवाइयों एवं रोग प्रबंधन आदि पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कड़कनाथ पालन को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने, अनुदान, तकनीकी सहायता एवं विपणन समर्थन के माध्यम से आजीविका दीदियों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही झाबुआ के कड़कनाथ को जिले से बाहर एवं राज्य स्तर पर प्रमोट करने की रणनीतियों पर भी विचार किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में पहले से कड़कनाथ पालन कर रही दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे अन्य दीदियों को इस गतिविधि को अपनाने के लिए प्रेरणा मिली।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का विभागीय अभिसरण एवं समन्वय Transform Rural India Foundation (TRI) के PPIA Fellows ज्योति मौर्य एवं वैभव दलवी द्वारा किया गया, जिसमें उप संचालक पशुपालन विभाग अमर दिवाकर, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जगदीश मौर्य एवं NRLM की जिला परियोजना प्रबंधक सोनिया कटारिया ने तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया।
अधिकारियों ने बताया कि कड़कनाथ पालन के माध्यम से जिले की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

