आंतरिक ज्ञान, गुण और शक्तियों को जागृत कर अंतर्मन को प्रकाशमान करने का पर्व दीपावली- ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ग्रीन पार्क कॉलोनी गुलाबगंज में दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी ने दीपावली का आध्यात्मिक रहस्य बताते हुए कहा कि दीपावली जागती जोत परमपिता परमात्मा शिव द्वारा आत्माओं की ज्योति प्रज्वलित कर विश्व परिवर्तन का संस्मरण का यादगार पर्व है। दीदी ने कहा कि दीपावली पर घरों की सफाई करते हैं, दीपक जलाते हैं, माता लक्ष्मी की पूजा करते हैं, नया खाता शुरू करते हैं। निश्चित रूप से इन सभी परंपराओं एवं प्रथाओं के पीछे एक सुंदर आध्यात्मिक रहस्य छुपा है, कार्तिक मास की अमावस्या के गहन अंधकार में प्रकाश पर्व दीपावली मनाने का स्पष्ट संदेश है कि काम, क्रोध ,लोभ, मोह एवं अहंकार के अज्ञानता रूपी अंधकार में भटकते मनुष्य को ज्ञान के प्रकाश की जरूरत है। साफ सफाई का रहस्य मन, वचन, कर्म की पवित्रता है, नया खाता आरंभ करने का अर्थ है अपने पुराने विकारों का खाता परमात्मा की याद से खत्म कर नए जीवन का आरंभ करना, दीपक जलाने का अर्थ है परम ज्योति पिता परमात्मा शिव से आत्मा रूपी दीपक को सदा के लिए ज्योतिर्मय कर लेना जिसके पावन प्रकाश से संपूर्ण विश्व आलोकित हो जाये। माता लक्ष्मी को स्वच्छता अति प्रिय है इसीलिए वह हमारे पास आती हैं तो क्यों न हम मन, वचन, कर्म की पवित्रता सदा के लिए धारण कर लें, जिससे माता लक्ष्मी की सदा हम पर कृपा बनी रहे। इस दीपावली पर हम मन वचन और कर्म की पवित्रता का व्रत लेकर संपूर्ण विश्व में सद्भावना, शुभकामना एवं सद्ज्ञान का प्रकाश फैलाने का संकल्प कर सच्ची दिवाली मनायें। दीपावली पर्व आंतरिक ज्ञान, गुण और शक्तियों को जागृत कर अंतर्मन को प्रकाशमान करने का पर्व दीपावली है। यह पर्व आत्म ज्योति का सच्चा दीपक जगाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आगे कहा कि दीपावली पर्व पर हम कोने-कोने की सफाई करते हैं, लोगों से अच्छे व्यवहार करते हैं, प्यार से बात करते हैं। हमें लगता है कि हमारा सबके साथ रिश्ता इतना अच्छा है। लेकिन हमें पता ही नहीं चलता है कि कब हमने अपने मन में उनके प्रति कौन सी गांठ बांध कर रखी है। कई बार सामने वाले के प्रति शब्द और व्यवहार अच्छे होते हैं लेकिन मन में कहीं न कहीं वह आदर, सम्मान का भाव नहीं होता है। इस दीवाली हम अपने मन के कोने-कोने में छिपी कोई बुराई, गलत संस्कार और गलत सोच की सफाई करें। इससे मन का अंधकार दूर होगा। एक नया उजाला आएगा। ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने कहा कि आत्मा ही सच्चा दीपक है। बाहर के अन्धकार को तो मिट्टी के दीपक जलाकर दूर कर सकते हैं किन्तु अंतर्मन में छाए हुए अन्धकार को दूर करने के लिए हमें सभी के लिए शुभ संकल्पों के दीप जलाने होंगे। इस अवसर पर देवी लक्ष्मी जी की भव्य रंगोली भी बनाई गई थी जिसके सामने सभी ने श्रेष्ठ संकल्प के साथ दिये जलाए। श्री लक्ष्मी और श्री नारायण का भव्य दरबार लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर सभी ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं, राजयोग की अनुभूति भी कराई।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper