ग्राम अरंडिया में चार साल से अधूरा पड़ा नाला और सड़क निर्माण, रहवासी जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर

  • Share on :

​स्थान: ग्राम अरंडिया, बायपास रोड (वार्ड क्रमांक 36, जोन क्रमांक 22), इंदौर (म.प्र.)।
​समस्या: पिछले 4 वर्षों से नाला और सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
​खतरा: बारिश के दिनों में नाला उफान पर रहता है, सड़क पर पानी भरने से खुले हुए लोहे के सरिए दिखाई नहीं देते, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
सह सम्पादक -दीपक वाड़ेकर 
​इंदौर। शहर के वार्ड क्रमांक 36 अंतर्गत ग्राम अरंडिया बायपास रोड के रहवासी पिछले चार सालों से नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी दीपक कुमावत ने नगर निगम महापौर को दिए गए शिकायती आवेदन में बताया है कि उनके घर के सामने लगभग चार साल पूर्व क्षेत्र के पार्षद श्री सुरेश कूरवाड़े द्वारा सड़क को खोदकर नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया गया था, जो आज तक अधूरा पड़ा है।
​अधूरे निर्माण के कारण न तो नाला पूरा बन पाया है और न ही सड़क का पुनर्निर्माण हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
​बरसात में नाला बनता है आफत
​वर्तमान में स्थिति बेहद गंभीर और खतरनाक हो चुकी है। रहवासियों का कहना है कि वर्षा ऋतु में यह नाला नदी की तरह उफान पर बहता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। नाले का निर्माण अधूरा होने के कारण उसमें से निकले नुकीले लोहे के सरिए पानी में छिप जाते हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना या जनहानि होने की आशंका बनी रहती है।
​कीचड़, बीमारियां और प्रशासनिक उदासीनता
​सड़क का काम अधूरा रहने के कारण बारिश में भारी कीचड़ हो जाता है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गड्ढों और नाले में पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।
​सिर्फ मिले आश्वासन, कार्रवाई सिफर
​पीड़ित निवासी दीपक कुमावत ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार क्षेत्रीय पार्षद से फोन पर संपर्क किया तथा हर साल 15 अगस्त एवं 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर भी सार्वजनिक रूप से इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले, जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
​महापौर और कलेक्टर कार्यालय में गुहार
​क्षेत्रीय जनता ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी वर्षा ऋतु से पहले नाला और सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण नहीं किया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में रहवासी ने नगर निगम महापौर कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय, इंदौर में लिखित आवेदन देकर तत्काल राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper