शिमला में भारी बारिश के कारण कई जगह गिरे पेड़, भूस्खलन
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में देर रात से जारी भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। शहर के विकास नगर में पेड़ गिरने से एक भवन की छत टूट गई और सड़क भी बंद हो गई है।
इसके अलावा टूटी कंडी में भी एक साथ आधा दर्जन से ज्यादा पेड़ गिरने से कई गाड़ियां चकनाचूर हो गई है। यहां सड़क भी बंद है। खालिनी में ढारा ढहने से 6 मजदूर बाल बाल बच गए। तड़के सुबह करीब 4:00 बजे यह घटना हुई। शहर के विकासनगर में हिमुडा काॅलोनी में भी कार पर भूस्खलन हुआ है। साथ ही पेड़ भी ढह गया।
वहीं ऊना में ग्राम पंचायत टकोली के निवासी अजय कुमार पुत्र जगदीश चंद्र के मकान की दीवार रात को भारी बारिश के कारण गिर गई। गनीमत यह रही की दीवार बाहर की तरफ गिरी। कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
साभार अमर उजाला