कालीघाट में सुबह-सुबह चला बुलडोजर: केएमसी ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के सामने से हटाया अतिक्रमण

  • Share on :

कोलकाता। कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर के बाहर फुटपाथ पर बना बांस का अस्थायी ढांचा हटा दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह ढांचा रास्ते पर था और इससे आसपास के लोगों को चलने में परेशानी हो रही थी।
पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है। सुबह-सुबह ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक के घर पर बुलडोजर चला है। कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह टीएमसी सांसद और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर के सामने एक अस्थायी ढांचा हटा दिया। यह ढांचा बांस से बना था और फुटपाथ पर लगा था। निगम अधिकारियों का कहना है कि इससे रास्ते पर चलने वाले आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, इसलिए इसे हटाना जरूरी था। उन्होंने आगे बताया कि कार्रवाई सुबह-सुबह शुरू हुई। केएमसी की टीम बुलडोजर लेकर अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची। ढांचा हटाने से पहले उनके घर के आसपास केंद्रीय सुरक्षा बलों की एक बड़ी टीम भी तैनात की गई थी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच ही यह कार्रवाई की गई।
बता दें कि यह कदम उस घटना के कुछ दिनों बाद उठाया गया है, जब अभिषेक बनर्जी के 39वें जन्मदिन के मौके पर उनके घर के बाहर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच देर रात झड़प हुई थी। जो शुरू में कहासुनी थी, वह धीरे-धीरे हाथापाई और पत्थरबाजी में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया। अभिषेक बनर्जी ने उस घटना में आरोप लगाया था कि उनकी जान लेने की कोशिश की गई। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर पास स्थित तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया। वहीं भाजपा पक्ष ने भी अपने कार्यकर्ताओं पर हमले की बात कही। पुलिस के अनुसार, झड़प में दोनों तरफ से कई लोग घायल हुए थे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper