कोलकाता में सुबह-सुबह भूकंप से कांपी धरती, 5.1 रही तीव्रता
कोलकाता। भूकंप के झटके से एक बार फिर धरती कांपी। ओडिशा से लेकर पश्चिम बंगाल तक झटके महसूस किए गए। ओडिशा के पुरी के पास मंगलवार की सुबह भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 5.1 मापी गई। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर बंगाल की खाड़ी में 91 किलोमीटर की गहराई पर आया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने कहा कि भूकंप का झटका 19.52 उत्तरी अक्षांश और 88.55 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
ओडिशा राजस्व विभाग के सीनियर अधिकारी ने बताया कि भूकंप से अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि भूकंप का प्रभाव ‘ना के बराबर’ था, क्योंकि इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में था। उन्होंने बताया कि भूकंप का झटका ओडिशा के पारादीप, पुरी, बरहामपुर और कुछ अन्य स्थानों पर महसूस किया गया। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
इससे पहले, रविवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, हालांकि जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप सुबह 8 बजकर 42 मिनट पर आया और इसकी तीव्रता 3.7 थी। इसका केंद्र मंडी क्षेत्र में 31.48 डिग्री अक्षांश और 76.95 डिग्री देशांतर पर था। सुंदरनगर क्षेत्र में किआर्गी के पास भूकंप 7 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था। मंडी जिला भूकंपीय क्षेत्र 5 में आता है, जो कि उच्च जोखिम वाला क्षेत्र है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान