ED की बड़ी कार्रवाई: आस्था फाउंडेशन मामले में 12 ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की नकदी और आभूषण जब्त
राजेश धाकड़
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के भोपाल जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत श्री आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
ED ने 23 जून 2026 को आरोपी व्यक्तियों और संबंधित संस्थाओं से जुड़े कुल 12 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इसमें एक बैंक लॉकर भी शामिल था। कार्रवाई चौकसे ग्रुप से जुड़े आवासीय परिसरों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ट्रस्टों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गई।
यह जांच भोपाल EOW द्वारा दर्ज FIR के आधार पर शुरू की गई थी, जिसमें जय नारायण चौकसे और अन्य लोगों पर वित्तीय अनियमितताओं, धन के दुरुपयोग और सोसायटी के फंड को कथित रूप से दूसरी संस्थाओं में ट्रांसफर करने के आरोप लगाए गए हैं।
ED के अनुसार जांच में सामने आया कि श्री आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी, जो कई शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन करती है, उसके फंड के इस्तेमाल को लेकर जांच की जा रही है। आरोप है कि छात्रों से प्राप्त फीस, छात्रवृत्ति राशि और बैंक ऋणों से जुड़े धन का उपयोग संबंधित ट्रस्टों, कंपनियों और संस्थाओं में किया गया।
तलाशी के दौरान ED ने करीब 3.97 करोड़ रुपये नकद, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण, ERP और Tally डेटा, वित्तीय रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सहित कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की।
इसके अलावा करीब 3.45 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी जब्त किए गए हैं। अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच एजेंसी को मिले हैं। ED ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

