छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे पर ED की बड़ी कार्रवाई, 61 करोड़ रुपये के 355 प्लॉट किए जब्त

  • Share on :

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपये के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी कुम्हारी-जंजगीरी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में करीब 61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मुख्य गेट पर नोटिस भी चस्पा किया गया है।
रियल एस्टेट प्रोजेक्ट विट्ठल ग्रीन कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया है। धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के निर्णायक प्राधिकरण से संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी मिलने के बाद ED ने यह कार्रवाई की है। जांच एजेंसी के अनुसार, कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल इन संपत्तियों को खरीदने में किया गया था।
जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। ED की जांच के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में हुए करीब 3,000 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले से अर्जित रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार और अन्य संपत्तियां खरीदने में किया गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध पैसों के लेन-देन का हिसाब रखते थे। इसी आधार पर उनकी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper