बस स्टैंड सूर्या होटल से चौरसिया मैरिज गार्डन तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान,

  • Share on :

सार्वजनिक नाले के ऊपर से हटाए गए 10 अतिक्रमण
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी । आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए  प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा लगातार अभियान चलाकर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखनें के प्रयास किये जा रहे है। इसी क्रम में निगम प्रशासन द्वारा बुधवार को बस स्टैंड क्षेत्र स्थित सूर्या होटल से चैरसिया मैरिज गार्डन तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क के किनारे एवं नाली क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण हटाते हुए लगभग 8 लोहे के टपरों एवं 2 नर्सरी दुकानों पर कार्यवाही की गई।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा की गई इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य नालियों में अवरोध उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है ताकि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की जलभराव संबंधी समस्या का सामना न करना पडे। कार्यवाही के तीन दिवस पूर्व ही क्षेत्र में मुनादी कराई जाकर संबंधितों को सार्वजनिक नालों के ऊपर किये गए अतिक्रमण को हटानें की सूचना दिये जानें बावजूद संबंधितों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा नाले के ऊपर फिक्स कर रखे गए टपरों एवं नर्सरी को हाइड्रा एवं जेसीबी मशीन से उठाकर सुरक्षित रूप से अन्य स्थल में रखवाया गया।  
निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न होने पाए। निगम प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि नालियों एवं सड़क मार्गों के किनारे अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी।
अभियान के दौरान अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण अमले की उपस्थिति रही। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों पर अतिक्रमण न करें तथा नगर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper