इंदौर जिले में आबकारी विभाग का सघन अभियान- मांगलिया टोल पर अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 8 टीमों ने संभाला मोर्चा

  • Share on :

पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। जिले में अवैध शराब के परिवहन, विक्रय एवं संग्रहण पर प्रभावी रोकथाम के लिए आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न टोल नाकों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है, वहीं शराब दुकानों, बार, ढाबों एवं अन्य आबकारी केंद्रों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में उपायुक्त आबकारी श्री इंदर सिंह जामोद एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने मांगलिया टोल पहुंचकर मैदानी अमले द्वारा की जा रही नाकाबंदी एवं जांच कार्रवाई का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात टीम की कार्यप्रणाली तथा वाहनों की जांच व्यवस्था का जायजा लिया और प्रभावी कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के लिए आबकारी विभाग द्वारा 8 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को इंदौर जिले के विभिन्न टोल नाकों पर तैनात कर नाकाबंदी एवं जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही आबकारी दुकानों, बार, अन्य आबकारी केंद्रों और ढाबों का निरीक्षण कर निर्धारित नियमों के पालन की जांच भी की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मैदानी अमले को निर्देशित किया कि अवैध शराब के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए हैं।
आबकारी विभाग के इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और शराब के अवैध परिवहन, विक्रय एवं संग्रहण को रोकना है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper