शुष्क दिवस पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 100 पाव अवैध शराब जब्त
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शुष्क दिवस के अवसर पर जिला आबकारी विभाग इंदौर द्वारा अवैध मदिरा के परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विनीता सागर के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
वृत्त राजमोहल्ला की उप निरीक्षक मीना माल एवं टीम द्वारा शहरी क्षेत्र में गश्त के दौरान संदिग्ध दोपहिया वाहन MP09 XM6919 (होंडा मोटरसाइकिल) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के पीछे बंधे दो प्लास्टिक बैग की तलाशी लेने पर उनमें 50 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 50 पाव देशी मदिरा मसाला, कुल 100 पाव देशी मदिरा बरामद हुई।
आबकारी टीम ने मदिरा को विधिवत जब्त कर वाहन चालक योगेश पिता कालू गुडिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी लक्ष्मीनगर काकड़, इंदौर को मौके से गिरफ्तार किया।
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। जब्त मदिरा एवं वाहन की कुल अनुमानित बाजार कीमत 84,250 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में मुख्य आबकारी आरक्षक किशनसिंह रघुवंशी एवं ओमप्रकाश साहू का सराहनीय योगदान रहा।
जिला आबकारी विभाग ने बताया कि शुष्क दिवस सहित अन्य अवसरों पर अवैध मदिरा के परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

