सार्वजनिक स्थानों व ढाबों पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 16 प्रकरण दर्ज
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों एवं ढाबों पर अवैध मदिरा सेवन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाह, जहांगीर खान एवं प्रीति चौबे के नेतृत्व में 26 जून 2026 को वृत्त पलासिया, बलदा कॉलोनी की प्रभारी उप-निरीक्षक प्रियंका रानीचौरसिया की टीम ने विभिन्न स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान रिंग रोड स्थित एनपीडी, यश का ढाबा, ढाबा शाबा, काका की महफिल, कमाल कपूर एवं वीर जी का ढाबा सहित अन्य स्थानों पर सार्वजनिक रूप से मदिरापान एवं आबकारी अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर धारा 36-ए के तहत 8 प्रकरण तथा धारा 36-बी के तहत 8 प्रकरण, कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए।
इस दौरान लगभग 10 बल्क लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध मदिरापान के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सामाजिक रूप से नशामुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाया जा सके।
इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक कैलाश अखाड़े, परमजीत कौर एवं अजय चंद्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

