सब्जी मंडी में यातायात व्यवस्था सुधरने से किसानों और व्यापारियों ने ली राहत की सांस
आदित्य शर्मा
इंदौर। प्रातःकाल ड्रोन कैमरे से लिए गए सब्जी मंडी के दृश्य ने वर्तमान व्यवस्था की सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाया है। मंडी परिसर में एक भी सवारी ई-रिक्शा, ऑटो ???? अथवा निजी कार दिखाई नहीं दी, जिससे मंडी क्षेत्र पूरी तरह व्यवस्थित और सुचारु नजर आया।
पूर्व में स्थिति यह थी कि मंडी परिसर में सवारी ई-रिक्शा, ऑटो और निजी कारों का अनियंत्रित प्रवेश होने से प्रतिदिन भारी जाम की स्थिति निर्मित होती थी। किसानों को अपनी उपज लेकर आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार घंटों तक वाहन फंसे रहते थे, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं।
इतना ही नहीं, अव्यवस्थित भीड़ और वाहनों की अधिकता के कारण विवाद, लड़ाई-झगड़े तथा किसानों की उपज चोरी जैसी घटनाएं भी आम हो चुकी थीं। मंडी का वातावरण लगातार अव्यवस्था और तनाव का केंद्र बनता जा रहा था।
वर्तमान में इन वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाए जाने के बाद मंडी में व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। किसानों को अपनी उपज सुरक्षित तरीके से लाने और बेचने में सुविधा हो रही है, व्यापारियों को भी कार्य करने के लिए पर्याप्त स्थान और सुगम आवागमन मिल रहा है, वहीं आमजन को भी जाम और अव्यवस्था से राहत मिली है।
किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों का कहना है कि यदि पुनः सवारी ई-रिक्शा, ऑटो और निजी कारों को मंडी परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाती है, तो पूरी व्यवस्था दोबारा बिगड़ सकती है। उनका मानना है कि वर्षों बाद जो सुधार दिखाई दे रहा है, वह फिर कभी कायम नहीं हो पाएगा।
मंडी क्षेत्र में वर्तमान व्यवस्था को बनाए रखने की मांग अब लगातार जोर पकड़ रही है, ताकि किसानों और व्यापारियों को भविष्य में भी सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु वातावरण मिल सके।

