किसानों एवं ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर विद्युत सुविधा, 11 केव्ही पंप फीडर का कार्य स्वीकृत
जन आकांक्षा पोर्टल पर प्राप्त शिकायत पर कार्य स्वीकृत, शीघ्र होगा कार्य पूर्ण
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। जन आकांक्षा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों द्वारा सतत कार्रवाई की जारी है। इसी क्रम में शिकायत क्रमांक 732610 के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की गई है। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी अनुसार, मिर्जापुर वितरण केन्द्र क्षेत्रांतर्गत ग्राम गुनुआ के ग्रामीणों ने ग्राम गुनुआ से घोसुआ के बीच पंप लाइन के तार बदलवाने संबंधी आवेदन कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के समक्ष जनसुनवाई के माध्यम से प्रस्तुत किया था। कलेक्टर श्री गुप्ता ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया था। विभागीय अधिकारियों द्वारा परीक्षण कराया गया था। उपमहाप्रबंधक, विदिशा संभाग ने अवगत कराया है कि गुनुआ से घोसुआ तक की विद्युत लाइन 33/11 केव्ही घोसुआ उपकेंद्र से निकलने वाले 11 केव्ही हाटखेड़ा पंप फीडर के अंतर्गत आती है। उक्त कार्य एसएसटीडी योजना वर्ष 2026-27 के तहत स्वीकृत किया जा चुका है।विभाग द्वारा इस कार्य के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया है। संबंधित एजेंसी द्वारा कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुविधा उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा जन आकांक्षा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

