किसानों के हित सर्वोपरि, संवाद से निकला समाधान – इंदौर दुग्ध संघ

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, इंदौर के परिसर में आज दुग्ध किसानों के प्रतिनिधियों एवं संघ प्रबंधन के बीच सकारात्मक वातावरण में चर्चा संपन्न हुई। इस अवसर पर दुग्ध संघ द्वारा किसान प्रतिनिधियों एवं किसानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान गुलाल लगाकर होली मिलन समारोह भी बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। संभवतः अपने तरह के पहले इस होली मिलन के दौरान सभी ने एक दूसरे को  शुभकामनाएं दीं व गले लगाया।
 संघ के प्रबंधन तथा किसानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विभिन्न मांगों पर तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की गई तथा कई मुद्दों पर सहमति बनी।
दुग्ध संघ प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुग्ध उत्पादक किसान दुग्ध संघ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं।किसानों द्वारा उठाए गए अधिकांश मुद्दों पर पहले से ही कार्रवाई की जा चुकी है या निर्णय की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
संघ प्रबंधन ने बताया कि वर्तमान में 25-26 सीएलआर पर कोई कटौती नहीं की गई है। वर्तमान में पूर्व से संचालित व्यवस्था के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है।
दूध के क्रय मूल्य में वृद्धि की मांग के संदर्भ में जानकारी दी गई कि 01 मार्च 2026 से दूध का क्रय मूल्य ₹820 प्रति किलोग्राम फैट से बढ़ाकर ₹850 प्रति किलोग्राम फैट कर दिया गया है। आगामी दुग्ध सीजन में बाजार की स्थिति, मांग एवं प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए ₹900 प्रति किलोग्राम फैट तक वृद्धि किए जाने की संभावना पर भी विचार किया जाएगा।
वर्ष 2019-20, 2020-21, 2021-22  के लाभांश एवं दुग्ध समितियों के बोनस वितरण के संबंध में संघ ने बताया कि लाभ वितरण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और शीघ्र ही दुग्ध संघ की वित्तीय स्थिति की अनुकूलता के अनुरूप भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
प्रबंधन ने टेंडर प्रक्रिया के संबंध में उठाए गए सवाल के जवाब में कहा कि इस संदर्भ में पूर्व से प्रचलित सभी नियमों का पालन किया गया है।
मिल्क टेस्टिंग सिस्टम को मजबूत करने के लिए दुग्ध संघ द्वारा मौजूदा डेयरी कोऑपरेटिव सोसायटीज एवं नई डेयरी कोऑपरेटिव सोसायटीज को नई व आधुनिक टेस्टिंग मशीनें प्रदान की जा रही है एवं पुरानी मशीनों का उचित रखरखाव के लिए कार्यवाही प्रचलन में है।
इंदौर दुग्ध संघ की खास पहल सांची चिकित्सा सहायता योजना नियमबद्ध तरीके से प्रचलन में है। 
किसान अध्ययन भ्रमण योजना पर पहले ही कार्यवाही हो चुकी है और इसे अतिशीघ्र लागू किया जाएगा। 
समितियों के कमीशन को बढ़ाने पर विचार विमर्श जारी है।
दुग्ध संघ में एनडीडीबी ERP सिस्टम प्रचलन में है जिससे डेयरी वैल्यू चैन लगभग डिजिटलाइज्ड हो गई है।
पशुआहार की गुणवत्ता एवं दरों के विषय में प्रबंधन ने बताया कि पशुआहार की गुणवत्ता को और बेहतर करने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। इस हेतु नवीनतम तकनीक पर आधारित मशीन व उपकरणों को प्लांट में स्थापित करने की प्रक्रिया प्रचलन में है। हालांकि कच्चे माल की बाजार दरों में वृद्धि के कारण पशुआहार की विक्रय दरों में आंशिक वृद्धि की गई है।
5 प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि के संबंध में संघ ने स्पष्ट किया कि दुग्ध संघ द्वारा पहले ही दूध के क्रय मूल्य में 5 प्रति लीटर से अधिक की वृद्धि की जा चुकी है। राज्य शासन द्वारा औपचारिक आदेश जारी होते ही प्रोत्साहन राशि तत्काल प्रभाव से लागू कर दी जाएगी।
संघ ने यह भी बताया कि 15 किलो घी के डिब्बों की आपूर्ति दुग्ध समितियों एवं बाजार में नियमित रूप से की जा रही है एवं  भविष्य में भी यह आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
आउटसोर्स अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानदेय के संबंध में प्रबंधन ने बताया कि उन्हें नियमानुसार उचित मानदेय एवं समय पर वेतन का भुगतान किया जा रहा है। प्रबंधन मानदेय को नियमों के अनुसार बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। 
इस अवसर पर इंदौर सहकारी दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बलबीर शर्मा ने कहा—
 “इंदौर दुग्ध संघ सदैव दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रहा है एवं हमेशा रहेगा। किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आज सकारात्मक संवाद हुआ है और अधिकांश विषयों पर स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। संघ प्रबंधन सभी वैधानिक मांगों के निराकरण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। सहकारिता की भावना से ही किसानों, दुग्ध समितियों और संघ – सभी का समग्र विकास संभव है।”
दुग्ध संघ प्रबंधन ने सभी दुग्ध उत्पादक किसानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए सीधे दुग्ध संघ कार्यालय या संबंधित दुग्ध समिति से संपर्क करें तथा अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper