सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता करने वाले विक्रेताओं पर दर्ज कराएं एफआईआर: कलेक्टर श्री तिवारी
जिले की 64 मछुआ सहकारी समितियों की जांच एवं भौतिक सत्यापन के दिए निर्देश
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की किया समीक्षा
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । कलेक्टर आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित सभी 64 मछुआ सहकारी समितियों की पात्रता, सक्रियता एवं कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश सहायक आयुक्त सहकारिता को दिए। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत ढीमरखेड़ा क्षेत्र में संचालित शासकीय उचित मूल्य की 3 दुकानों में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुये अधिकारियों को संबंधित दुकान संचालकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा एवं नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराना संबंधित विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

