प्रेम नगर स्थित टेंट गोदाम में लगी आग, निगम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

  • Share on :

सूचना मिलते ही दमकल वाहन पहुंचा मौके पर, फायर अमले ने त्वरित कार्रवाई कर आग पर पाया काबू
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। नगर निगम की त्वरित आपदा प्रबंधन व्यवस्था और दमकल अमले की सतर्कता के चलते मंगलवार को किदवई वार्ड के प्रेम नगर स्थित एक टेंट गोदाम में लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की तत्पर कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकते हुए एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

मंगलवार 4 अगस्त 2026 को प्रातः 10:52 बजे नगर निगम कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना एनकेजे क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर स्थित एक टेंट गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन ने बिना किसी विलंब के बस स्टैंड जोन स्थित फायर स्टेशन से दमकल वाहन एवं प्रशिक्षित फायर अमले को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।

प्रभारी फायर इंचार्ज शैलेंद्र दुबे ने बताया कि दमकल दल ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति का आकलन कर सुनियोजित ढंग से आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया। फायर कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी, सूझबूझ और समन्वय के साथ कार्य करते हुए कुछ ही समय में आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया। साथ ही आसपास रखे ज्वलनशील सामान और समीपवर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित करते हुए आग को फैलने से रोक दिया, जिससे जन-धन की संभावित बड़ी क्षति टल गई।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए फायर ब्रिगेड चौबीसों घंटे सतर्क रहती है। घटना के कारणों एवं हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि आग, दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper