जानलेवा हमले के 5 दिन बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे, पुलिस पर धीमी कार्रवाई का आरोप
रेणु कैथवास
इंदौर। शहर के भांगिया क्षेत्र में प्लॉट विवाद को लेकर हुई मारपीट का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। घटना में सुरेश कैथवास को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं उनकी पत्नी और बहू को भी आरोपियों द्वारा मारपीट कर घायल किया गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने थाना बाणगंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:30 बजे भांगिया क्षेत्र में रहने वाले परिवार के प्लॉट पर सामान हटाने को लेकर पारिवारिक विवाद के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अभिषेक कैथवास, शिवा कैथवास और अन्य लोग गुस्से में आए और गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया तो आरोपियों ने हाथ, थप्पड़ और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान पीड़ित सुरेश कैथवास के सिर पर लोहे की वस्तु से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर में टांके लगाने पड़े। वहीं उनकी नाक की हड्डी टूट गई, हाथ और गर्दन पर भी गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई पत्नी और बहू को भी आरोपियों ने डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया।
घटना को आसपास के लोगों ने देखा और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन पर जानलेवा हमला हुआ, इसके बावजूद थाने पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना को 5 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। परिवार का कहना है कि गंभीर चोट आने के बावजूद मामले में कम धाराएं लगाई गई हैं और अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

