किश्तवाड़ और डोडा में फ्लैश फ्लड का तांडव: पावर प्रोजेक्ट में घुसा मलबा, मुख्य मार्ग बंद
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और डोडा जिले में रविवार को भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज बहाव के साथ आए पानी और मलबे ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार बारिश के कारण प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। प्रभावित इलाकों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बाढ़ का असर 540 मेगावाट के क्वार पावर प्रोजेक्ट पर भी पड़ा है। परियोजना की टीआरटी साइट पर भारी मात्रा में मलबा और पानी घुसने से वहां खड़े कई वाहन मलबे में फंस गए। अचानक आई इस आपदा से परियोजना स्थल पर कामकाज भी प्रभावित हुआ है। हालांकि, फिलहाल किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।
भारी बारिश और फ्लैश फ्लड के कारण किश्तवाड़-डोडा सड़क को एहतियातन बंद कर दिया गया है, जिससे दोनों जिलों के बीच यातायात प्रभावित हो गया है। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही सड़क को दोबारा खोला जाएगा। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
साभार अमर उजाला

