सोशल मीडिया शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई
इन्दौर । खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा आमजन से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर ब्रेस्ट बाइट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (ब्रांड नेम – अर्बन मस्का), एल.आई.जी. चौराहा, इंदौर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर प्रभारी मेघा सोडानी उपस्थित थीं। जांच के दौरान किचन में पेस्ट कंट्रोल की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई। साथ ही, फ्रिज को वॉशिंग एरिया में रखा हुआ पाया गया, जो कि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है। इसके अतिरिक्त, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
मौके से पाव एवं बन के खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया है कि जिले में असुरक्षित एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। साथ ही, खाद्य कारोबार संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

