सांवेर में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 6 प्रकरण दर्ज
अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश, चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया नशामुक्ति के प्रति जागरूक
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर/सांवेर। इंदौर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के निर्देशन तथा कंट्रोलर कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में वृत्त सांवेर के संयुक्त दल ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर छह प्रकरण पंजीबद्ध किए।अभियान के तहत अर्जुन बड़ौदा, पूवार्दा दाई, पूवार्दा हप्पा, मकोड़िया, बूढ़ी बरलाई, बरलाई जागीर एवं क्षिप्रा सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध मदिरा जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में प्रबुद्ध नागरिकों की चौपाल लगाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। ग्रामीणों को अवैध स्थानों से शराब नहीं खरीदने तथा केवल शासकीय लाइसेंस प्राप्त मदिरा दुकानों से ही मदिरा खरीदने की समझाइश दी गई। विभाग का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही आमजन को नशे के प्रति जागरूक करना है।इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही भूमिका
संयुक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र जोशी के नेतृत्व में की गई। दल में आबकारी उपनिरीक्षक जया मुजाल्दे (वृत्त सांवेर), राजेश बट्टी (वृत्त देपालपुर) तथा मुख्य आरक्षक एवं आरक्षक रविन्द्र बघेल, अंकिता लोदवाल, राशि सौलट और योगेश महोबिया शामिल रहे।

