शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर नवग्रह शनि मंदिर पर श्रद्धालुओं के बीच फोटोग्राफर वेलफेयर सोसाइटी ने किया खीर प्रसाद वितरण
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर स्थानीय प्राचीन नवग्रह मंदिर में फोटोग्राफर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के बीच खीर प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक खीर का प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में सोसाइटी के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम से पूर्व फोटोग्राफर वेलफेयर सोसाइटी के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री ब्रज दुबे का जन्मदिन शगुन वाटिका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजसेवी जितेंद्र रघुवंशी जीतू, मीडिया साथी मणिका शर्मा, राजू ग्वाल सहित फोटोग्राफर सोसाइटी के वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफरों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर श्री ब्रज दुबे ने अपने छोटे भाइयों एवं साथियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं, सभी सदस्यों ने उनका सम्मान करते हुए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। श्री दुबे ने सभी साथियों को मिठाई खिलाई तथा स्वल्पाहार कराकर इस खुशी के पल को साझा किया। इस दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और संगठन की एकजुटता का भाव देखने को मिला। शरद पूर्णिमा के अवसर पर खीर वितरण के माध्यम से सोसाइटी के सदस्यों ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश भी दिया। आयोजन में फोटोग्राफर वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने मिलकर व्यवस्थाओं में सहयोग किया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफर सुनील भास्कर, ब्रज दुबे, ब्रजेश कुशवाह, विवेक श्रीवास्तव, नितिन शर्मा, धर्मेंद्र जोशी, सुनील कुशवाह, राहुल भोला, अनिल कुशवाह, सतीश शाक्य, संतोष ओझा, मुकेश यादव, चंदन ओझा, विनोद कुशवाह सहित अन्य फोटोग्राफर उपस्थित रहे।

