जनगणना द्वितीय चरण की तैयारियों की अपर कलेक्टर ने की समीक्षा
धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। जनगणना द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपादित करने के उद्देश्य से आज अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तर पर प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनगणना कार्य के लिए जिला स्तर पर नियुक्त चार्ज लिपिक एवं तकनीकी सहायकों ने सहभागिता की। इस दौरान जनसंख्या गणना से संबंधित तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में जनगणना निदेशक, मध्यप्रदेश से प्रशिक्षक सुश्री दीक्षा केसरवानी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने जनगणना कार्य की प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनगणना द्वितीय चरण से संबंधित सभी प्रारंभिक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कार्य में समन्वय बनाए रखने, तकनीकी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने तथा जनगणना से संबंधित दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनगणना कार्य की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

