करैरा में पहली बार निकलेगी भव्य श्री जगन्नाथ ध्वज यात्रा, संत अनिरुद्ध वन जी महाराज करेंगे नेतृत्व

  • Share on :

करैरा। बाबा भानगिर महाराज की तपोभूमि एवं श्री बगीचा सरकार की पावन नगरी करैरा में पहली बार भव्य श्री जगन्नाथ मंदिर ध्वज यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक यात्रा ग्वालियर संभाग के प्रसिद्ध संत, अद्भुत संत श्री धूमेश्वर धाम के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 अनिरुद्ध वन जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगी।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह भव्य पदयात्रा 17 मई, रविवार को शाम 4:00 बजे काली माता मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण का संदेश देगी तथा इसका समापन श्री जगन्नाथ जी मंदिर, बड़ा बाजार करैरा में किया जाएगा।
ध्वज यात्रा को लेकर नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।
इस दौरान भजन-कीर्तन, जयघोष एवं धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नगर में पहली बार आयोजित हो रही इस ध्वज यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper