अंधविश्वास एवं झाड़-फूंक के नाम पर महिला से अमानवीय व्यवहार करने वाले बाबा सहित 04 आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

रिपोर्टर :- सलीम हुसैन 
घटना का विवरण
झाबुआ । दिनांक 08 सितंबर को फरियादिया प्रेमबाई उम्र 52 वर्ष, निवासी गाडियादग्गड़, जिला धार की तबीयत खराब होने पर उनके पति गजानंद उन्हें उपचार एवं झाड़-फूंक के लिए ग्राम भेरुपाड़ा स्थित बाबा लक्ष्मण निनामा के पास लेकर गए थे।

 झाड़-फूंक करने वाले लक्ष्मण पिता रालिया निनामा एवं उसके तीन साथियों द्वारा फरियादिया के शरीर में चुड़ैल होने की बात कहकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा फरियादिया के साथ थप्पड़-मुक्कों एवं लोहे की सांकल से मारपीट की गई तथा उसके हाथ पर जलता हुआ कंडा रखकर हथेली जला दी गई।

घटना के बाद फरियादिया का उपचार सीएचसी धामनोद में कराया गया। थाना धामनोद पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 118(1), 127(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत शून्य पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। शून्य की एफआईआर थाना रायपुरिया प्राप्त होने पर अपराध क्रमांक 289/2026 में उक्त धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उनके निर्देशन एवं एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी के नेतृत्व में आरोपीगण की गिरफ्तारी के लिए थाना रायपुरिया एवं चौकी झकनावदा की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। साथ ही, पीड़िता के कथन दर्ज करने हेतु पुलिस टीम को तत्काल धामनोद रवाना किया गया।

इसी क्रम में चौकी प्रभारी झकनावदा सुरेंद्र सिंह सिसौदिया एवं थाना रायपुरिया पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी कर मुख्य आरोपी झाड़-फूंक करने वाले—

1) लक्ष्मण पिता रालु निनामा, निवासी ग्राम भेरुपाड़ा
2) कमलेश पिता लक्ष्मण निनामा, निवासी ग्राम भेरुपाड़ा
3) बहादुर पिता अंबाराम निनामा, निवासी ग्राम भानगढ़, थाना सरदारपुर
4) दिनेश पिता बंशी भाबर, निवासी ग्राम बंधव, थाना मनावर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी लक्ष्मण निनामा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा उक्त घटना को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करना स्वीकार किया गया। 


प्रकरण में गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। झाबुआ पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि बीमारी अथवा किसी अन्य समस्या के उपचार के लिए अंधविश्वास एवं झाड़-फूंक के नाम पर किसी भी प्रकार के अमानवीय कृत्य का सहारा न लें तथा ऐसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper