वैल्यू चेन क्लस्टर योजना के तहत 300 किसानों को निःशुल्क मूंगफली बीज का वितरण
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
करैरा, 30 जून। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय के माध्यम से मंगलवार को मृदा परीक्षण केंद्र, टीला रोड पर वैल्यू चेन क्लस्टर योजना के अंतर्गत किसानों को निःशुल्क मूंगफली बीज वितरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 किसानों को मूंगफली का बीज उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर करेरा की क्षेत्रीय विधायक रमेश प्रसाद खटीक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक 400 क्विंटल मूंगफली बीज प्राप्त हो चुका है, जबकि लगभग 1600 क्विंटल बीज और प्राप्त होना शेष है। जैसे-जैसे बीज उपलब्ध होगा, पात्र किसानों को उसका निःशुल्क वितरण लगातार किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की गई। इस दौरान भाजपा नेता पवन निगोती, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

