गांधीनगर में 40 वर्षों से जारी गरबा महोत्सव, 300 बालिकाएं दे रहीं रंगारंग प्रस्तुतियां
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर गांधीनगर क्षेत्र में मां दुर्गा की आराधना और गरबा महोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। सार्वजनिक नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा संचालित गरबा महोत्सव में नन्हीं-नन्हीं बालिकाएं रंगारंग प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं। खास बात यह है कि यहां पिछले 40 वर्षों से लगातार गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के संचालक नरेंद्र कुमार बक्शी के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 300 बालिकाएं गरबा प्रस्तुतियों में हिस्सा ले रही हैं। आयोजकों द्वारा बालिकाओं के लिए प्रतिदिन नाश्ते और ड्रेस की व्यवस्था की जा रही है, जिससे उन्हें आयोजन में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गरबा महोत्सव में भारतीय जनता पार्टी के ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, राजस्थान से आए लोक कलाकारों ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। ये कलाकार दूरदर्शन पर भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।
आयोजन को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु गरबा देखने पहुंच रहे हैं। दर्शकों की उपस्थिति से बालिकाओं का उत्साह बढ़ रहा है। इसके साथ ही आयोजकों द्वारा प्रतिदिन महाप्रसादी का वितरण भी किया जा रहा है।
गांधीनगर में आयोजित यह गरबा महोत्सव पिछले चार दशकों से चली आ रही धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बना हुआ है।

