गणतंत्र दिवस पर इंदौर में भव्य रैली, युवाओं में दिखा देशभक्ति का उत्साह
इंदौर। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर इंदौर शहर में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाला गावडे के नेतृत्व में भव्य देशभक्ति रैली का आयोजन किया गया। लगातार पाँच वर्षों से आयोजित हो रही इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं इंदौर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के दौरान “जय हिंद” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर नजर आया। हाथों में तिरंगा लिए युवा देश के प्रति अपने समर्पण और जिम्मेदारी का संदेश देते दिखाई दिए।
आयोजनकर्ता बाला गावडे ने रैली को संबोधित करते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना, अनुशासन का संदेश देना तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और ऐसे आयोजनों से उनमें जिम्मेदारी का भाव जागृत होता है।
रैली में दीप शर्मा, बाबा भुल्लर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। छात्र नेता रवि चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की ओर बढ़ रही है, जो समाज और देश के लिए चिंताजनक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
रैली में बड़ी संख्या में युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया और गणतंत्र दिवस की गरिमा को और अधिक गौरवपूर्ण बना दिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

