गुड़र ब्लास्ट में मौत का आंकड़ा बढ़कर 3, पिता ने भी तोड़ा दम

  • Share on :

(मासूम बेटी और पड़ोसी बालक की मौत के बाद प्राण सिंह ने भी इलाज के दौरान गंवाई जिंदगी)
 (डीजल-पेट्रोल और गैस सिलेंडर दोनों एंगल पर जांच जारी)
अतुल जैन 
खनियाधाना। थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़र में बुधवार सुबह हुए भीषण विस्फोट और अग्निकांड ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे गंभीर रूप से झुलसे मकान मालिक प्राण सिंह प्रजापति ने ग्वालियर स्थित जयारोग्य अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनकी 4 वर्षीय पुत्री जानवी प्रजापति और पड़ोस के 11 वर्षीय बालक कल्ला आदिवासी की भी मौत हो चुकी है।

(एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़)
हादसे की पहली शिकार 4 वर्षीय मासूम जानवी बनी, जिसकी बुधवार को मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान कल्ला आदिवासी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं शाम को प्राण सिंह की मौत की खबर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। एक ही हादसे में पिता, पुत्री और पड़ोस के बच्चे की मौत ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।

(नाश्ता बनाते समय हुआ था भीषण विस्फोट)
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह प्राण सिंह के घर में रोजमर्रा की तरह रसोई में नाश्ता तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं तथा कुछ ही क्षणों में आग की लपटों और धुएं ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका किसी बम विस्फोट जैसा महसूस हुआ। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। बाद में पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

(पत्नी और पुत्र अब भी जिंदगी से जूझ रहे)
हादसे में प्राण सिंह की पत्नी रोशनी प्रजापति तथा पुत्र शिवा प्रजापति गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का उपचार ग्वालियर में जारी है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

(ब्लास्ट की असली वजह बनी रहस्य)
विस्फोट के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में रखा डीजल या अन्य ज्वलनशील पदार्थ आग की चपेट में आ गया, जिससे हादसा विकराल रूप ले बैठा। वहीं गैस सिलेंडर में रिसाव की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मलबे से साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन जांच कर रही है।

(कलेक्टर, एसपी और विधायक पहुंचे मौके पर)
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया तथा क्षेत्रीय विधायक प्रीतम लोधी तत्काल गुड़र गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था कराई गई है।

(गांव में पसरा मातम)
दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गुड़र गांव में शोक का माहौल है। कई घरों में चूल्हे नहीं जले और ग्रामीणों की आंखें नम हैं। हर कोई यही कह रहा है कि एक पल में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस भीषण विस्फोट की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper